
रानीखेत। सुदूरवर्ती मल्ला सलोनी गांव में बंद घराट के भीतर अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। राजस्व पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर और यहां राजकीय अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। शिनाख्त के लिए शव को एक दिन पोस्टमार्टम हाउस में रखा जाएगा।
ताड़ीखेत विकासखंड के मल्ला सलोनी में लंबे समय से बंद घराट के अंदर ग्रामीणों को गत दिवस शव दिखा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल राजस्व पुलिस को दी। राजस्व उपनिरीक्षक भूपाल गिरि गोस्वामी के नेतृत्व में गोपाल राम, डिगर सिंह, नंदन सिंह आदि ने मौके पर जाकर शव को बाहर निकाला और ग्रामीणों से शिनाख्त करवाई। लेकिन कोई इसे पहचान नहीं पाया। पोस्टमार्टम करने वाले राजकीय अस्पताल के डा. राजेंद्र भौंत ने बताया कि शरीर में कहीं भी चोट के निशान नहीं थे, जहर के सेवन की भी संभावना नहीं लग रही है। अलबत्ता बिसरा जांच के लिए सुरक्षित रख दिया गया है। राजस्व पुलिस के अनुसार शिनाख्त के लिए शव को एक दिन और यहां पोस्टमार्टम हाउस में रखा जाएगा।
