
नादौन (हमीरपुर)। पुलिस थाना नादौन के अंतर्गत एक कारोबारी का स्कूटर घर के बाहर से चोरी हो गया। इसे बाद में पत्तन बाजार में बरामद कर लिया गया है। व्यापारी रमेश जैन सोमवार रात अपने घर गया और स्कूटर घर के बाहर आंगन में खड़ा कर दिया। रमेश को जल्द ही वापस दुकान लौटना था तो उसने स्कूटर की चाबी स्कूटर के साथ ही रहने दी। जब वह बाहर आया तो स्कूटर आंगन से गायब था। उसने आसपास स्कूटर की तलाश भी की लेकिन उसे नहीं मिला। रमेश ने इसकी शिकायत पुलिस में कर दी। रात करीब साढ़े नौ बजे पत्तन बाजार के एक कारोबारी ने बिना नंबर के स्कूटर खड़ा होने की पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने रमेश जैन सहित मौके पर पहुंचकर देखा तो रमेश जैन का स्कूटर खड़ा था। स्कूटर का पेट्रोल खत्म हो गया था। मौके पर एक बोतल भी मिली है। अंदेशा जताया जा रहा है कि तेल खत्म होने से शातिरों ने स्कूटर को खड़ा कर दिया था। कुछ ही दूरी पर खड़े दो युवकों से पूछताछ भी करनी चाही लेकिन दोनों रात के अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। दोनों युवक स्कूल की वर्दी में थे।
उधर, थाना प्रभारी नादौन शेर सिंह ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौका पर पहुंच गई थी। स्कूटर पत्तन बाजार से बरामद हुआ है। पुलिस ने शातिरों की तलाश शुरू कर दी है।
