
हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के अंतर्गत शहर की एक ज्वेलर शॉप में शातिरों ने सेंध लगा दी है। शातिरों को सोने का कोई आभूषण हाथ नहीं लगा है। इसके चलते शातिर काउंटर से चांदी के सिक्के और बर्तन आदि चोरी कर ले गए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सुनील कुमार पुत्र रणजीत सिंह निवासी घनाल ने शिकायत दर्ज करवाई है कि हमीरपुर बाजार में उसकी ज्वेलरी की दुकान है। बीते सोमवार को रोजाना की तरह उसने शाम साढ़े 7 बजे अपनी दुकान बंद की और घर चला गया। मंगलवार को सुबह साढ़े 8 बजे उसने दुकान खोली तो देखा कि उसकी दुकान के काउंटर पर सामान बिखरा पड़ा था। उसने दुकान के अंदर जाकर दुकान के पीछे का दरवाजा देखा तो दरवाजे के अंदर की दोनों कुंडियां टूटी पड़ी थीं। उसने दरवाजे के बाहर जाकर देखा तो दरवाजे में लगाया ताला भी गायब था। दुकानदार सुनील कुमार ने बताया कि दुकान के काउंटर से चांदी के कुछ बर्तन, सिक्के और गहने गायब थे। कुल मिलाकर करीब 730 ग्राम के होंगे। घटना की सूचना पुलिस थाना सदर को दी। इसके चलते पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस ने दुकानदार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही शातिरों का सुराग लगा लिया जाएगा।
-वीना भारती, पुलिस अधीक्षक
