कब बिछेगा वार्ड-4 की सड़क पर तारकोल

भल्याणी (कुल्लू)। नगर परिषद के वार्ड-4 को जोड़ने वाली सड़क एक दशक बाद भी पक्की नहीं हो पा रही है। खस्ताहाल इस सड़क पर वार्डवासियों को सफर करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सड़क पर लगने वाले हिचकोलों से बुजुर्गों को भारी परेशानी हो रही है। वार्डवासियों के बार-बार के आग्रह के बावजूद नगर परिषद कुल्लू तथा लोनिवि इसे पक्की तथा इस पर तारकोल बिछाने की जहमत नहीं उठा पा रहा है।
कब्रिस्तान से सुल्तानपुर के वार्ड-4 को जोड़ने वाली डेढ़ किलोमीटर सड़क पर एक दशक बाद भी तारकोल न बिछने से इस पर सफर करने में बुजुर्गों तथा मरीजाें को भारी परेशानियां उठानी पड़ती हैं।
वार्ड के पूर्व पार्षद जनक राज मोदगिल, ज्ञान चंद ठाकुर तथा सरदार रंजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने इस मसलेे को लेकर कई दफा लोनिवि तथा नप कुल्लू के समक्ष उठाया है। बावजूद इसके उनकी इस समस्या को कोई भी समाधान आज दिन तक नहीं हो पाया है। उन्होंने प्रदेश सरकार, लोनिवि तथा नगर परिषद कुल्लू से जल्द इस सड़क पर तारकोल बिछाने की मांग की है। ऐसा न होने की स्थिति में उन्होंने जन आंदोलन की धमकी भी दी है। उधर, नगर परिषद कुल्लू के अध्यक्ष ऋषभ कालिया ने बताया कि उन्होंने इस संदर्भ में लोनिवि को पत्र लिखकर जल्द इस सड़क पर तारकोल बिछाने के आदेश दिए हैं।

बाक्स:
ठेकेदार को किया जाएगा तलब : हाजरी
बार-बार आदेशों के बावजूद ठेकेदार सड़क को पक्का करने का कार्य प्रारंभ नहीं कर रहा है। ठेकेदार को तलब कर उस पर जुर्माना ठोंका जाएगा। इसके साथ ही आवंटित टेंडर को भी रद कर दिया जाएगा।
जल्द ही रिटेंडरिंग कर सड़क पर तारकोल बिछाया जाएगा।
विनय हाजरी, अतिरिक्त अधिशाषी अभियंता लोनिवि-2

Related posts