सलीम के गीतों पर थिरका यंगिस्तान

ऊना। राज्य स्तरीय सोमभद्रा महोत्सव की तीसरी एवं अंतिम सांस्कृतिक संध्या पर प्रसिद्ध पंजाबी गायक मास्टर सलीम के नाम रही। उन्होंने दर्शकाें को अपने गीतों पर जमकर नचाया। सलीम के गीतों पर ऊना का यंगिस्तान जमकर झूमा। वहीं स्थानीय कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से भी खूब समां बांधा। इससे पूर्व सोमवार रात अंतिम सांस्कृतिक संध्या में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर उनके साथ उनकी धर्मपत्नी सिमी अग्निहोत्री भी मौजूद रहीं। प्रदेश का नंबर वन समाचार पत्र ‘अमर उजाला’ कार्यक्रम का मीडिया प्रायोजक रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत गणेश और सरस्वती वंदना से रात्रि देवी भजन मंडली ऊना ने की। ऊना के बैहली की प्रिया, झंबर के मनोज राणा, ऊना के रजत, बंगाणा की जाह्नवी शर्मा, ऊना की रितु शर्मा, अक्षित और संजीव लवली ने अपनी गायकी से श्रोताओं का मन मोह लिया। देहलां के नवदीप ने भी प्रस्तुतियां देकर खूब समां बांधा। ऊना के ही कलाकार गुरप्रीत सिंह गुप्पी, अभिमन्यु और नंगल की रूपाक्षी शर्मा ने भी खूब तालियां बटोरीं। जबकि ओमकारा डांस ग्रुप के कलाकारों ने भी खूब समां बांधा।
उसके उपरांत सुप्रसिद्ध गायक मास्टर सलीम ने मंच संभालते ही ………… सुनाकर समां बांध दिया। इसके बाद उन्होंने एक के बाद पंजाबी गीत गाकर सर्द चल रहे मौसम में माहौल को गरम कर दिया। इसके अलावा गायक अनुज शर्मा ने भी खूब रंग जमाया। इस मौके पर एग्रो पैकेजिंग के उपाध्यक्ष ओंकार शर्मा, उपायुक्त अभिषेक जैन, एसपी अनुपम शर्मा, एडीसी दर्शन कालिया, एएसपी वीएस ठाकुर, एसडीएम धनवीर ठाकुर, डीएसपी सुरेंद्र शर्मा, एसएचओ केएल बैरी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

Related posts