
सुजानपुर (हमीरपुर)। त्योहार हो या फिर अन्य समारोह अब बधाई देने का स्टाइल बदल गया है। पहले ग्रीटिंग खरीद कर उसमें बधाई संदेश भेजा जाता था। इसकी जगह मोबाइल एसएमएस, फेसबुक और वट्सएप ने ली है। अब दुकानों से ग्रीटिंग कार्ड्स गायब होने लगे है। इस कारण गिफ्ट सेंटरों में मंदी की मार झेलनी पड़ रही है।
त्योहारी सीजन के चलते शहर की दुकानों में ग्रीटिंग कार्ड्स एक माह पहले सजना शुरू हो जाते थे। युवा ग्रीटिंग कार्ड भेंटकर एक दूसरे को बधाई संदेश देते थे। इनमें अलार्म और अलग-अलग धुनों के ग्रीटिंग कार्ड भी शामिल होते थे। बाजार में इनकी रेंज डेढ़ सौ से 200 रुपये से शुरू हो जाती थी। मोबाइल के प्रचलन के बाद ग्रीटिंग कार्ड्स को मानों जैसे युवा पीढ़ी भूल गई है। पिछले कुछ समय में गिफ्ट सेंटरों में ग्रीटिंग कार्ड नदारद होते जा रहे हैं। शहर की लगभग सभी दुकानों से ग्रीटिंग कार्ड गायब हो गए हैं।
फेसबुक और वट्सएप पर भेजे जा रहे संदेश
युवा पीढ़ी ग्रीटिंग कार्ड्स देने की बजाय फेसबुक और वट्सएप से बधाई संदेश भेज रहे हैं। यह ग्रीटिंग कार्ड से सस्ता पड़ रहा है। हालांकि इसके लिए मोबाइल में इंटरनेट सुविधा होना अनिवार्य है। इससे दोस्तों या सगे संबंधियों को बधाई संदेश भेजा जा सकता है।
एसएमएस सुविधा का भी उठा रहे लाभ
बधाई संदेश भेजने के लिए एसएमएस का भी सहारा लिया जा रहा है। इसके लिए कोई इंटरनेट की आवश्यकता नहीं होती है। बस एसएमएस टाइप कर संबंधित को भेजा जा सकता है।
