
भोरंज (हमीरपुर)। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) भोरंज मंडल के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया। भाजयुमो ने कांग्रेस सरकार पर प्रदेश के लाखों बेरोजगार युवाओं तथा आम जनता से धोखा करने का आरोप लगाया। युवाओं ने भोरंज विश्राम गृह से लेकर बस्सी वर्षाशालिका तक विरोध रैली भी निकाली। रैली का नेतृत्व जिला अध्यक्ष सुरजीत ठाकुर ने किया।
जिला अध्यक्ष सुरजीत ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस हर बार झूठे वायदे कर सत्ता हासिल करती है। घोषणा पत्र में जिक्र किया जाता है लेकिन सत्ता में आने के बाद उसे भूल जाती है। वर्ष 2003 में हर परिवार से एक युवा को नौकरी देने का वायदा किया था, लेकिन सत्ता हासिल करने के बाद कांग्रेस अपने वायदे को भूल गई। वर्ष 2013 में बेरोजगारी भत्ता देने का वायदा किया गया, पर सत्ता में आने के बाद कौशल विकास भत्ते के नाम पर लाखों बेरोजगारों से धोखा किया है। सुरजीत ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह राजनीतिक हरकतों से भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष को बदनाम करने के लिए दाव पेंच चल रहे हैं। युवा मोर्चा इस प्रयास को सहन नहीं करेगा।
रैली में भोरंज के अध्यक्ष अभयवीर लवली, महामंत्री अजय कुमार और जिला उपाध्यक्ष राजेश कुमार ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान जिला मीडिया प्रभारी चमन ठाकुर, उपाध्यक्ष विकास शर्मा, सचिव विनय, शशि, जिला महामंत्री पवन शर्मा, मंडल मीडिया प्रभारी अनिल, जिला सचिव दिनेश, संजीव रिंटू, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुधीर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
