कालेज छात्रा ने निगला जहरीला पदार्थ, मौत

दौलतपुर (ऊना)। राजकीय महाविद्यालय दौलतपुर चौक में पढ़ने वाली एक छात्रा ने शनिवार सुबह कालेज से थोड़ी दूर बाजार में किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इससे छात्रा की मौत हो गई। घटना के कारणों का पुलिस पता लगा रही है।
जानकारी के अनुसार छात्रा स्थानीय महाविद्यालय में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। गाैंदपुर बनहेड़ा की रहने वाली यह छात्रा शनिवार सुबह नौ बजे घर से कालेज आई। इसके बाद छात्रा कालेज के बजाय बाजार की ओर निकली, जहां करीब दस बजे उसे उल्टी हुई और वह बेहोश होकर सड़क पर गिर गई। स्थानीय दुकानदारों ने उसे 108 एंबुलेंस की मदद से एफआरयू पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के पश्चात उसकी गंभीर हालत देखते हुए उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के लिए रेफर किया गया। क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचने से पहले ही छात्रा ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एएसआई हरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। एएसआई हरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने धारा 174 के तहत मामला दर्ज करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टर्माटम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। पुलिस छात्रा के परिजनों से भी पूछताछ कर रही है। उधर इलाके में घटना से मातम छा गया है।

Related posts