टूअर की जानकारी न होने पर भड़के कार्यकर्ता

पतलीकूहल (कुल्लू)। मनाली ब्लॉक कांग्रेस की मासिक बैठक 15 मील में ब्लॉक अध्यक्ष भुवनेश्वर गौड़ की अध्यक्षता में हुई। इसमें मौजूद पर्यवेक्षक फुंचोंग राय के सामने कार्यकर्ताओं ने सांसद और मंत्रियों के टूअर प्रोग्राम की उचित समय पर जानकारी न दिए जाने पर जिला प्रशासन को खूब खरी खोटी सुनाई। अरुणा ठाकुर, भगत राम और जयचंद समेत तमाम कार्यकर्ताओं ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि दशहरे के दौरान सांसद प्रतिभा सिंह ने नग्गर में पार्किंग के उद्घाटन समेत कई कार्यक्रम किए। लेकिन, इसकी जानकारी उन्हें कार्यक्रम हो जाने के बाद दूसरे दिन अखबार के माध्यम से मिली। इतना ही नहीं, कार्यकर्ताओं ने विधानसभा चुनावों के दौरान पार्टी विरोधी कार्य करने के चलते पार्टी से निष्कासित लोगों पर कांग्रेस पार्टी के कार्यक्रमों को हाइजैक करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि सीएम के हरिपुर दौरे के दौरान भी ऐसा ही हुआ। कार्यकर्ताओं की राय जानने पहुंचे पर्यवेक्षक फंचोंग राय का कहना है कि कार्यकर्ताओं का मनोबल बनाए रखने को मंत्रियों और सांसद के टूअर प्रोग्राम की जानकारी पार्टी संगठन को समय पर मिल जानी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आश्वासित किया कि वह उनकी बात पार्टी अध्यक्ष और सीएम वीरभद्र सिंह तक पहुंचाएंगे। बैठक में पीसीसी डेलिगेट उमागौड़, हरिचंद शर्मा, चेतराम नेगी, सतीश चंद, निहाल ठाकुर, बलबीर सिंह जॉनी, उपकार व्यास और मनोरमा बौद्ध समेत सैकड़ों कार्यकर्ता हाजिर रहे।

Related posts