हाथीथान-छरोड़नाला सड़क के टेंडर रद

भल्याणी (कुल्लू)। मणिकर्ण सड़क के एक पैच हाथीथान-छारोड़नाला के लिए वितरित टेंडर को रद कर दिया गया है। आनन-फानन में वितरित किए गए इस टेंडर को लेकर शिमला स्थित लोनिवि के कार्यालय ने टेंडर की स्वीकृति देने से मना कर दिया है। ऐसे में इस पैच पर तारकोल बिछाने का मामला लटक गया है। धार्मिक नगरी को जोड़ने वाली भुंतर-मणिकर्ण सड़क की हालत दयनीय हो गई है। इससे पूर्व भी बगियांदा से जरी पैच पर ठेकेदार की लेटलतीफी करने पर विभाग ने ठेकेदार के टेंडर को रद दिया था।
अब लोनिवि कुल्लू की ओर से हाथीथान-छरोड़नाला तक तारकोल बिछाने के लिए वितरित टेंडर को लोनिवि के शिमला कार्यालय में तैनात अधिकारियों ने इसे स्वीकृति प्रदान करने से मना कर दिया है। स्वीकृति न मिलने के पीछे वजह टेंडर में एक ही ठेकेदार का भाग लेना व टेंडर पर मनमाफिक रेट भरना बताया गया है। इसकी पुष्टि लोनिवि कुल्लू के खंड-1 के अतिरिक्त अधिशाषी अभियंता विनोद शर्मा ने की है। एसडीओ ने बताया कि स्थानीय कार्यालय द्वारा ठेकेदार को वितरित टेंडर को विभाग के चीफ कार्यालय से हरी झंडी नहीं मिल पाई है। आलाधिकारियों ने इसे रद कर दिया है। ऐसे में इस पैच पर तारकोल बिछाने का मामला फिलहाल लटक गया है। शर्मा ने बताया कि अब विभाग रिटेंडर करवाएगा तथा जल्द ही सड़क पर तारकोल बिछाने का काम आरंभ कर दिया जाएगा।

Related posts