लेटलतीफी पर ठेकेदार को 15 लाख जुर्माना

भल्याणी (कुल्लू)। पर्यटन नगरी मनाली को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे-21 पर तारकोल बिछाने में लेटलतीफी के चलते अथॉरिटी ने ठेकेदार पर 15 लाख का जुर्माना ठोंका है। करीब दो साल पूर्व अथॉरिटी ने डोभी से मनाली तक सड़क पर तारकोल बिछाने के लिए टेंडर वितरित किए थे। लेकिन, आज दिन तक इस कार्य को धरातल पर नहीं उतारा जा सका। हालांकि, मनाली की तरफ से आठ
किमी तारकोल तो बिछा दी गई है, लेकिन शेष 14 किमी सड़क पर ठेकेदार ने तारकोल अभी तक नहीं बिछाई है। ऐसे में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित ठेकेदार पर जुर्माना ठाेंक दिया है। इसकी पुष्टि एनएच-21 अथॉरिटी के अधिशाषी अभियंता वीएस मेहता ने की है। पर्यटन के मानचित्र में विख्यात मनाली की सड़क की हालात बद से बदतर हो गई है। ऐसे में यहां आने वाले देशी-विदेशी सैलानियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस पर सरकार तथा अथॉरिटी की लचर व्यवस्था लोगों तथा पर्यटकों पर भारी पड़ने लगी है। एनएच के एक्सईएन वीएस मेहता ने बताया कि बार-बार के नोटिस के बावजूद ठेकेदार कार्य नहीं कर रहा था, ऐसे में अथॉरिटी के पास ठेकेदार के खिलाफ जुर्माना ठोंकने के अलावा दूसरा कोई विकल्प नहीं था। इधर, सूत्र बताते हैं कि तारकोल के भाव में 35 रुपये से 56 रुपये तक की वृद्धि होने के चलते ठेकेदार ने काम करने से हाथ पीछे खींच लिए हैं। एक्सईएन ने बताया कि अथॉरिटी ठेकेदार के टेंडर रद करवाने पर भी विचार कर रही है।

नाकाम साबित हुई सरकार : गोविंद
भाजपा सरकार ने इसके लिए धन की व्यवस्था की थी, बावजूद इसके वर्तमान सरकार इस कार्य को करवाने में नाकाम साबित हुई है। हालांकि, उन्होंने इस मामले को विस में भी उठाया था।
गोविंद सिंह ठाकुर जिला भाजपा अध्यक्ष
सीएम ने अथॉरिटी को किया था तलब : गौड़
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का वाहन जब 20 अक्तूबर को यहां से गुजरा तो उन्होंने सड़क की दशा पर हैरानी जताई थी। सीएम ने इस खस्ताहाल सड़क पर अथॉरिटी को तलब कर जल्द तारकोल बिछाने के आदेश दिए थे।
भुवनेश्वर गौड़ प्रवक्ता प्रदेश कांग्रेस

Related posts