
कुल्लू। सीनियर सेकेंडरी स्कूल बजौरा में चल रही जिला स्तरीय अंडर 19 की 42वीं स्कूली सांस्कृतिक प्रतियोगिता में ढालपुर स्कूल का दबदबा रहा। पहले दौर में छात्र वर्ग की हुई सांस्कृतिक प्रतियोगिता वीरवार को संपन्न हो गई है। समापन अवसर पर मुख्यातिथि जिला कांग्रेस महासचिव टहल सिंह राणा रहे। उन्होंने विजेता स्कूली प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
सांस्कृतिक प्रतियोगिता में एकलगान, समूहगान, एकांकी, भाषण, लोकनृत्य व वाद्ययंत्र के मुकाबले हुए। एकलगान में जहां ढालपुर कुल्लू ने बाजी मारी, वहीं नग्गर स्कूल दूसरे तथा सैंज तीसरे स्थान पर रहा है। समूहगान में जगतसुख तथा कुल्लू, एकांकी में मेजबान बजौरा और कुल्लू क्रमश: पहले व दूसरे स्थान पर काबिज हुए हैं। भाषण में बाह्य सराज के सीसे स्कूल लुहरी के रोहित अव्वल रहे हैं, जबकि काईस के मोहर सिंह दूसरे और बजौरा के अभिमन्यु तीसरे स्थान पर रहे हैं। वाद्ययंत्र में मनाली स्कूल अव्वल रहा और कुल्लू दूसरे स्थान पर रहा है। लोकनृत्य में आनी स्कूल का शानदार प्रदर्शन रहा। ढालपुर को दूसरा स्थान हासिल हुआ है। जिला उच्च शिक्षा क्रीड़ा संघ के संयुक्त सचिव नारायण शर्मा तथा सदस्य मनोहर लाल ठाकुर तथा स्कूल के प्रिंसिपल रहमत अली ने कहा कि पांच दिन तक चलने वाली इस स्कूली सांस्कृतिक प्रतियोगिता के पहले दौर में छात्र वर्ग की प्रतियोगिता संपन्न हो गई है। कहा कि शुक्रवार से छात्रा वर्ग की स्पर्धा का शुभारंभ होगा।
