
रामपुर बुशहर। निरमंड को जल्द ही नगर पंचायत बनाया जाएगा। यह घोषणा मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने वीरवार को निरमंड में वॉलीबाल प्रतियोगिता के समापन समारोह में की। मुख्यमंत्री की घोषणा से निरमंड वासी गदगद हैं। निरमंड को नगर पंचायत बनाने की मांग करीब एक दशक से की जा रही थी। इससे पहले सीएम ने निरमंड में बस अड्डे की आधारशिला भी रखी।
एक दिवसीय दौरे पर निरमंड आए मुख्यमंत्री ने जनसभा के दौरान हेलीपैड बनवाने, सिंचाई सुविधा के लिए बागीपुल से कोयल को नहर बनाने, निरमंड सामुदायिक अस्पताल के लिए 50 बिस्तर का भवन बनवाने, आईटीआई के लिए भवन बनवाने, मोईन पुल का कार्य जल्द पूरा करवाने, अवेरा से केदस सड़क के अधूरे काम को पूरा करवाने का भी आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने शाहणू में नया प्राथमिक स्कूल खोलने की घोषणा के साथ ही रंदल मिडल स्कूल को अपग्रेड करने , अवेरी प्राथमिक स्कूल को मिडिल बनाने, आनी के लढागी हाई स्कूल को सीनियर सेकेंडरी स्कूल बनाने की बात की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आनी-निरमंड की 58 में से 52 पंचायतों में सड़कें पहुंच चुकी हैं। शेष आधा दर्जन गांवों को भी सड़क से जल्द जोड़ा जाएगा। सीएम ने कहा कि हिमाचल के लिए 800 नई बसें मंगवाई गई हैं। नई बसें उन डिपो को दी जाएंगी, जहां बसों की कमी है। सीएम ने वॉलीबाल प्रतियोगिता की विजेता और उप विजेता टीमों को पुरस्कृत किया। वॉलीबाल की ट्रॉफी पर एएमपी हरियाणा ने कब्जा जमाया। इससे पहले सांसद प्रतिभा सिंह ने जनता को संबोधित किया। उन्होंने निरमंड रेस्ट हाउस से स्कूल तक सड़क निर्माण के लिए पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम में प्रदेश विवि के वीसी एडीएन वाजपेयी, मान सिंह ठाकुर, डा. शशि भूषण को हिमाचल गौरव के पुरस्कार से नवाजा गया।
इस मौके पर आनी के विधायक खूबराम, रामपुर के विधायक नंदलाल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, महिला कांग्रेस कुल्लू की अध्यक्ष ममता ठाकुर के अलावा डीसी कुल्लू राकेश कंवर, एसडीएम आनी नीरज गुप्ता, एसपी कुल्लू डा. विनोद धवन आदि मौजूद रहे।
श्रीखंड यात्रा की देखरेख को बनेगी कमेटी
निरमंड में जनसभा के बाद अधिकारियों से विचार विमर्श के बाद मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि श्रीखंड महादेव की यात्रा को राज्य स्तरीय किया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों की एक कमेटी बनाई जाएगी जो यात्रा की देखरेख करेगी।
