
रुद्रपुर। भाजपा विधायक समेत अन्य के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी होने के विरोध में बाइक रैली निकालने का प्रयास कर रहे भाजपाइयों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस बीच मची भगदड़ के बाद एक-एक कर दुकानों के शटर गिरते चले गए और रुद्रपुर बाजार बंद हो गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता समेत करीब आधा दर्जन लोग गिरकर घायल हो गए। पुलिस ने पूर्व सांसद बलराज पासी समेत 14 कार्यकर्ताओं को धारा 144 का उल्लंघन करने पर गिरफ्तार कर लिया। बाद में सभी को हल्द्वानी जेल भेज दिया।
पुलिस ने पूर्व सांसद बलराज पासी, विधायक ठुकराल के छोटे भाई संजय ठुकराल और दीपक ठुकराल के साथ ही आशीष छाबड़ा, धीरेंद्र भट्ट, विकास चावला, मेयर पति सुरेश कोली, चंद्रप्रकाश, नीतिन शर्मा, गिरीश चंद्र चतुर्वेदी, राजू श्रीवास्तव, विनोद, अर्जुन बिष्ट, राजू पंडित को गिरफ्तार किया। बाद में सभी को पुलिस लाइन ले जाया गया। विधायक राजकुमार ठुकराल की गिरफ्तारी के खिलाफ जहां एक ओर भाजपाइयों और व्यापारियों ने बाजार बंद करवाया। वहीं पुलिस ने विधायक के देहरादून से आने की सूचना पर शहर के सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने चौपहिया वाहनों के साथ ही बस और ट्रकों में भी तलाशी ली।
