
कुल्लू। लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी का जीना दूभर कर दिया है। करीब एक सप्ताह से सब्जियों के दामों में आए भारी उछाल से आम आदमी की थाली से सब्जी गायब होने लगी है। इसके अलावा प्याज भी आम आदमी को खूब रुला रहा है। कुछ दिन पहले साठ रुपये किलो बिकने वाला प्याज अब 80 रुपये किलो मिल रहा है। इसके चलते अधिकतर लोगों ने प्याज खरीदना ही बंद कर दिया है। इसके अलावा शिमला मिर्च और हरा मटर भी आम आदमी की थाली से लगभग गायब हो गया है। एक सप्ताह पहले शिमला मिर्च और हरा मटर 60 रुपये प्रति किलोग्राम मिल रहा था, लेकिन अब शिमला मिर्च और हरा मटर 80 रुपये प्रति किलोग्राम मिल रहा है। इसके अलावा अन्य सब्जियों के दामों में भी दस से बीस रुपये प्रति किलो का उछाल आया है। फ्रांसबीन 60 रुपये और भिंडी 40 रुपये किलो बिक रही है। बैंगन का भाव भी 30 रुपये से बढ़कर 40 रुपये किलो हो गया है। फूलगोभी और घीया के दामों में भी 10 रुपये का उछाल आया है। फूल गोभी 40 और घीया 30 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। कुल्लू में सब्जी का कारोबार करने वाले राजू, रमेश, रामू, झाबे राम तथा डिणे राम का कहना है कि कुछ दिन में सब्जियों के दामों में भारी उछाल आया है। उन्होंने कहा कि उत्पादन कम होने के कारण सब्जियां महंगे दामों पर मिल रही हैं। कुल्लू के अक्षम ठाकुर, अंमी चंद, दिनेश कुमार, संजय शर्मा, विकास कुमार, पृथ्वी चंद, मीरा देवी, शीला ठाकुर आदि का कहना है कि सब्जी के दामों में आए उछाल से उन्होंने कई सब्जियां खरीदना ही बंद कर दी हैं।
