
अंब (ऊना)। गांव अधोह स्थित एक मंदिर से खाद्य सामग्री चुराने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को नामजद किया है। स्थानीय पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर कथित आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले कि पुष्टि करते हुए अंब थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर धर्मेन्द्र कुमार पुत्र गुरदर्शन सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक अधोह गांव के शीतला मंदिर में अप्रैल माह में भंडारा लगाया गया था। इसमें श्रद्धालुओं ने चीनी, चावल के अलावा अन्य खाद्य सामान दान किया था। एक स्थानीय व्यक्ति पर मंदिर के इस सामान को चुराने का आरोप लगाया गया है। यह भी आरोप है कि वह सामान उक्त व्यक्ति ने गांव में ही किसी किरयाने की दुकान पर बेच दिया है। भंडारे के कारण उस वक्त मंदिर के पदाधिकारियों ने उक्त व्यक्ति के ऊपर दबाव नहीं बनाया। बाद में पता करने पर दुकानदार ने उक्त व्यक्ति द्वारा सामान बेचने की बात को कबूल किया। चोरी के कथित आरोपी व्यक्ति को इस बारे में पता चला तो उसने मंदिर कमेटी के सदस्य को चुप रहने की धमकी दी। इसके मद्देनजर मंदिर कमेटी के सदस्य रणजीत सिंह पुत्र प्रमोद सिंह निवासी अधोह ने न्यायालय में शिकायत की तथा उक्त आरोपी से नुकसान की भरपाई करने की मांग की।
