सजने संवरने के लिए जमकर खरीदारी

कुल्लू। साजन के लिए संवरना व पति के लिए लंबी उम्र की दुआ करने को समर्पित करवाचौथ पर्व के लिए कुल्लू की सुहागिनों ने खूब खरीदारी की। बिंदियाे से लेकर चूड़ियां, मेंहदी, मशकारा व काजल सहित अन्य सजने-संवरने के सामान की खरीदारी के लिए सोमवार को महिलाओं का मनियारी की दुकानों में सुबह से ही तांता लगा रहा। उन्होंने सजना के नाम की रंग बिरंगी चूड़ियां अपने हाथों में पहनी। दशहरा उत्सव के लिए ढालपुर में सजी मनियारी की दुकानों में भी सुहागिन महिलाओं की करवाचौथ पर्व को लेकर भीड़ उमड़ी। इसे देखकर व्यवसायी भी खासे खुश नजर आए। साजन के लिए सजने के सामानों की कीमत में आए उछाल के बावजूद महिलाएं खरीदारी को पीछे नहीं रही। कांच की सतरंगी चूड़ियां, मेंहदी, मशकारा, काजल, लिपस्टिक, पाउडर, परफ्यूम व क्रीमों के दामों में 10 से 15 प्रतिशत की वृद्वि आंकी गई है। ढालपुर की सुनीता कपूर का कहना है कि वह अपने पति की सुख समृद्धि, शांति व लंबी आयु के लिए करवाचौथ का व्रत रखेगी। साजन के लिए सजना तो पडेगा ही, जिसके लिए उन्होंने बाजार से सजने संवरने को लेकर खरीदारी की है। उन्होंने कहा कि मंहगाई के इस दौर में कुछ चीजें जरूर मंहगी हुई है। उमा ठाकुर ने कहा कि सोने व चांदी के बढ़े भाव से आर्टिफिशयल ज्वैलरी के दाम भी बढे़ हैं, लेकिन उन्होंने करवाचौथ को लेकर अपने साजन के लिए सवंरने का तमाम सामान खास कर बिंदिया, महंदी व चूड़ियां खरीदी। दशहरा उत्सव को लेकर ढालपुर में सजी मनियारी की दुकान करने वाले अमित, मोहन तथा राकेश ने बताया कि करवाचौथ की पूर्व संध्या में उनकी दुकानों में महिलाओं का दिनभर खूब तांता लगा रहा, जिसे उनके कारोबार में भी बढ़ोतरी हुई। उन्होंने कहा कि करवाचौथ के लिए सुहागिनों ने कांच की रंग बिरंगी चूड़ियों सहित मेंहदी, मशकारा, काजल, लिपस्टिक आदि की खूबर खरीदारी की।

Related posts