
ऊना। जिला के तलमेहड़ा क्षेत्र के रौणखर गांव में रविवार देर रात दो गुटों में हुई खूनी झड़प में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इनमें से एक को नाजुक हालत के चलते पीजीआई रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में एफआईआर दर्ज कर आठ लोगों को नामजद कर लिया है, जबकि मामले की जांच आगे बढ़ा दी है। तलवारों और लोहे की रॉडों के साथ हुई इस झड़प से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार रविवार रात रौणखर निवासी मुकेश कुमार अपने एक अन्य साथी प्रवीण कुमार के साथ घर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान महेंद्र सिंह, विशाल उर्फ जोली, नरेंद्र सिंह उर्फ निक्कू, मनजीत, राकेश ठाकुर, रणजीत कु मार, शेखर और जोगिंद्र सिंह ने उनका रास्ता रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान अंधेरे में हमलावरों ने एकाएक तलवारों और लोहे की रॉडों से उन पर हमला कर दिया। हमले में प्रवीण कु मार और मुकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को घायल अवस्था में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया। यहां से प्रवीण शर्मा को नाजुक हालत के चलते पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। उधर, मारपीट के आरोपी जोगिंद्र सहित अन्य लोगों ने कहा कि रौणखर के कुछ लोग रास्ते पर जबरन निर्माण करने का प्रयास कर रहे थे। उन्हें जब रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने पहले उन पर हमला किया। इससे उन्हें अपना बचाव करना पड़ा। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी ऊना अनुपम शर्मा ने बताया कि मारपीट के मामले में एक व्यक्ति जोगेंद्र निवासी बही को पकड़ लिया गया है और अन्यों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम भेजी गई है।
