
हमीरपुर। प्याज की मार से उपभोक्ता सहम गए हैं। नवरात्रों के दौरान प्याज के दामों में हल्की सी गिरावट आई थी लेकिन फिर से दाम आसमान छूने लगे हैं। जिले में वर्तमान में प्याज की कीमतें बढ़ कर 75 रुपये हो गई हैं। हफ्ता भर पहले प्याज की कीमत 60 रुपये थी। यही नहीं अन्य सब्जियों के दाम भी बढ़ गए हैं। इससे उपभोक्ताओं की थाली से हरी सब्जियां भी गायब होने लगी हैं। ऊपर से डिपुओं में राशन नहीं मिल रहा है। इससे परेशानी और भी बढ़ गई है। इस संबंध में कई गृहिणियों की नब्ज टटोली गई तो उन्होंने कहा कि प्याज खरीदना बंद कर दिया है। कुछ ने कहा कि प्याज के दो टुकड़े कर तड़का लगाया जा रहा है। आसमान छूती कीमतों पर प्याज खरीदना मुश्किल हो रहा है। इससे घर का बजट भी गड़बड़ा रहा है। एक सप्ताह के भीतर हरी सब्जियों के दामों में पांच से 20 रुपये तक बढ़ोतरी हुई है। आम जनता को महंगाई ने पूरी तरह निचोड़ कर रख दिया है। पांच दिनों में हरी सब्जियों के दामों में उछाल देखने को मिला है। गृहणियों में रीटा देवी, सुकन्या, नीटू, माया देवी, प्रकाशो देवी, बर्फी देवी, शीला देवी, वीना, सुनिता आदि का कहना है कि हरी सब्जियों के दामों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। डिपुओं में मिलने वाली सस्ती दालें भी नहीं मिल रही है। ऐसे में दोवक्त की रोटी के गुजारा करना आम आदमी के लिए मुश्किलों भरा होता जा रहा है।
मद पहले अब
प्याज 60 75
फूलगोभी 55 60
शिमला मिर्च 70 80
बैंगन 32 40
आलू 15 20
मटर 60 80
टमाटर 30 40
फ्रासबीन 50 60
बंदगोभी 30 40
