
कुल्लू। 22 अक्तूबर से निरमंड में शुरू हो रही राजामाता शांति देवी राष्ट्रीय वॉलीबाल प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर वॉलीबाल एसोसिएशन की बैठक हुई। दशनामी जूना अखाड़ा परिसर में आयोजित की गई बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष यूपेंद्र कांत मिश्रा ने की। उन्होंने कहा कि 15वीं अंतरराष्ट्रीय वॉलीबाल प्रतियोगिता के आयोजन और इस मौके पर निरमंड आ रहे मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों के बारे में चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि 22 से 24 अक्तूबर तक आयोजित होने वाली प्रतियोगिता का उद्घाटन विधायक आनी खूब राम आनंद करेंगे। इसका समापन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह करेंगे। सीएम के स्वागत के लिए तोरणद्वार लगाने व स्वागत कमेटी का गठन किया गया। इसमें क्षेत्र के सभी महिला मंडलों, युवक मंडल और ग्राम पंचायत को मुख्य रूप से शामिल किया गया।
मिश्रा ने कहा कि इस दौरान मुख्यमंत्री करीब चार करोड़ की लागत से बनने वाले बस स्टैंड का शिलान्यास भी करेंगे। प्रतियोगिता में प्रथम आने वाली टीम को 51 हजार तथा दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 31 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।
