हरिपुर कॉलेज में विज्ञान कक्षाएं अगले सत्र से

हरिपुर (कुल्लू)। वाम तट पर मुख्यमंत्री ने हरिपुर महाविद्यालय के पौने नौ करोड़ की लागत से बने भवन का लोकार्पण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित किया। जनसभा में उन्होंने कॉलेज में आगामी सत्र से विज्ञान की कक्षाएं शुरू की घोषणा की। इससे मनाली विधानसभा के अलावा लाहौल के छात्र भी यहां पर शिक्षा ग्रहण कर सकें गे।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान हरिपुर कॉलेज का नाम राजकीय जवाहर लाल नेहरू महाविद्यालय हरिपुर रखा। उन्होंने कहा कि जवाहर लाल नेहरू को मनाली से बहुत लगाव था। यहां के पर्यटन को उनकी बदौलत से बढ़ावा मिला। 1995 में 17 मील के पास 17 मील-गजां पुल के बाढ़ में बहने की जगह पर मुख्यमंत्री ने नए पुल बनाने की भी घोषणा की। जल्द ही इस पुल का शिलान्यास किया जाएगा। पुल के बनने से यहां की सात पंचायतों की हजारों की आबादी को लाभ मिलेगा। इस पुल से हरिपुर महाविद्यालय और स्कूल में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को भी मिलेगा। उन्होंने 17 मील-मनसारी सड़क और मनसारी से हरिपुर कॉलेज की सड़क को भी चौड़ा करने की घोषणा की है। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने सीनियर सेकेंडरी स्कूल रायसन के शताब्दी समारोह में पहुंचकर कर छात्र-छात्राओं की हौसलाफजाई की। मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनता से सड़क बनने तथा सड़कों के चौड़ाई कार्य में जमीन दान करने की अपील की।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता एवं मनाली कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भुवनेश्वर गौड़, जिप कुल्लू अध्यक्ष हरिचंद शर्मा, मनाली विधानसभा के विधायक गोविंद सिंह ठाकुर, महिला आयोग की अध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related posts