दो सगी बहनों से दुराचार

ऊना/टाहलीवाल। जिला के टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र के एक ही गांव में दो नाबालिग सगी बहनों से दुराचार की सनसनीखेज वारदातें सामने आई हैं। पुलिस ने घटनाओं के संदर्भ में केस दर्ज कर लिए हैं। दोनों वारदातों के आरोपी फरार हैं। पुलिस ने दोनों की धरपकड़ के लिए अभियान छेड़ दिया है। वारदात का शिकार छात्राओं का पुलिस ने मेडिकल कराया है।
पुलिस जानकारी के अनुसार टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र के एक गांव की दसवीं और जमा एक में पढ़ने वाली छात्राओं के साथ दो युवकों ने दुराचार किया। हालांकि दोनों घटनाएं अलग-अलग हैं, लेकिन फिर भी पुलिस दोनों को जोड़कर देख रही है। बताया कि नंगलकलां गांव निवासी दो युवकों अजय कुमार और श्याम कुमार ने एक गांव की दो सगी बहनों को हवस का शिकार बनाया। जबकि राज कुमार नामक एक अन्य युवक पर छेड़छाड़ का आरोप है। युवतियों ने घटनाओं के संदर्भ में परिजनाें को बताया कि जिसके बाद परिजनों ने मामले के संदर्भ में पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने सूचना मिलते ही छात्राओं का मेडिकल करवाया और युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। डीएसपी हेडक्वार्टर सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस दोनों युवकों की तलाश में जुट गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस जल्द ही उन्हें खोज निकालेगी।

Related posts