ममता शर्मा के गानों पर झूमे लोग

कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव की छठीं सांस्कृतिक संध्या बालीवुड की पार्श्व गायिका ममता शर्मा के नाम रही। सांस्कृतिक संध्या में ममता शर्मा ने एक के बाद एक दमदार गाने प्रस्तुत कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इससे पहले कार्यक्रम में श्री राम भारती कलाकेंद्र नई दिल्ली के कलाकारों ने नृत्य नाटिका राम का मंचन कर दर्शकों को रामायण का वृतांत दिखाया। छठीं सांस्कृतिक संध्या में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम का आगाज कुल्लवी नाटी से किया गया। इसके कुल्लू के कलाकार लाल सिंह ने …तुम्हें फिरदा रूठे, मोधो री रातों, …छुटी मामा रीऊशें री डाली, …आजकला री शोरी रे सुणो ओ लोको हाल आदि गाने प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में नवीन राठौर ने …तुम मुझे भुला न पाओगे, नवीन भारद्वाज ने …देखा जो तुझे यार, रमा ने …दिल मेरा मुफ्त का, जानी ने हमें लागा तेरे दांदो रा चावा, रामपुर के मनीश ने …रब बंदे दी जात इक्को, भुंतर के राजकुमार ने दमा दम मस्त कलंदर आदि गाने प्रस्तुत कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। कार्यक्रम में उजबेकिस्तान के कलाकारों ने भी कार्यक्रम प्रस्तुत कर समां बाधे रखा। छठी सांस्कृतिक संध्या में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त श्री राम भारती कलाकेंद्र के कलाकारों ने नृत्य नाटिका राम का सुंदर मंचन कर दर्शकों का भरपुर मनोरंजन किया। इस नृत्य नाटिका से पूरे कलाकेंद्र का माहौल भक्तिमय हो गया। इसके बाद बालीवुड की पार्श्व गायिका ममता शर्मा ने मंच संभाला। मंच संभालते ही ममता शर्मा ने एक के बाद एक धमाकेदार गाने प्रस्तुत कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। ममता शर्मा ने …मेरे फोटो को सीने से लगा, …अनार कली डिस्को चली और ओ रे प्रीतम प्यारे गाने प्रस्तुत कर दर्शकों को खुब नचाया। छठी सांस्कृतिक संध्या में सांसद प्रतिभा सिंह, सीपीएस सोहन, बंजार के विधायक कर्ण सिंह, कर्ण सिंह की पत्नी शिवानी सिंह, मनाली के विधायक गोविंद सिंह, आनी के विधायक खूबराम आनंद, महिला आयोग की अध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर, डीसी राकेश कंवर, एडीएम विनय सिंह मौजूद रहे।

Related posts