
ऊना। जिला मुख्यालय के समीपवर्ती झलेेड़ा स्थित पुलिस लाइन के पास स्थित आवासीय कालोनी में कुछ लोगों पर एक चिकित्सक दंपति ने रास्ता रोककर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। मामला शुक्रवार शाम का है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार शिवालिक अस्पताल के मालिक डा. अक्षय शर्मा तथा उनकी पत्नी डा. अनुपमा शर्मा शुक्रवार देर सायं अपने बच्चों को लेकर कालोनी में सैर के लिए निकले। अचानक कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोककर दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया। जब उन्होंने ऐसा करने से रोका तो वह गाली-गलौज पर उतर आए। डा. अक्षय शर्मा ने बताया कि उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया, वहीं धमकियां भी दी गईं। डा. शर्मा ने इस संबंध में ऊना सदर थाने में शिकायत भी दर्ज करवाई है। शिकायत में दुर्व्यवहार करने वाले एक व्यक्ति की पहचान भी बताई गई है। जबकि अन्य व्यक्ति अज्ञात बताए जा रहे हैं। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की भी गुहार लगाई है। उधर, एसपी ऊना अनुपम शर्मा ने बताया कि चिकित्सक की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई आरंभ कर दी है। जल्द ही सभी आरोपियों को थाने तलब किया जाएगा।
