टायफाइड से दो छात्राओं की मौत

नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल के अंतर्गत एक ही क्षेत्र में टाइफाइड के कारण दो छात्राओं की मौत हो गई है। इससे स्थानीय क्षेत्र के लोग सहमे हुए हैं। एक-डेढ़ माह की अवधि में दो मौत होने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग अनभिज्ञ बना हुआ है, जबकि स्कूल प्रबंधन विभाग को जानकारी देने की बात कह रहे हैं। दोनों मामले बड़ा क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं।
एसडीएम पब्लिक स्कूल बड़ा की दसवीं कक्षा की छात्रा की टाइफाइड के कारण बीते वीरवार को मौत हो गई। इसके बाद अभिभावक और बच्चे भी सहमे हुए हैं। करीब डेढ़ माह पहले गांव के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की नवमी क क्षा की छात्रा ने भी टाइफाइड के कारण दम तोड़ दिया था। कुछ समय में ही दो विद्यार्थियों के टाइफाइड से दम तोड़ देने की घटनाओं ने सवाल भी खड़े कर दिए हैं। दसवीं कक्षा की छात्रा मीनू गांव बटहाली काफी दिनों से बीमार चल रही थी। स्थानीय सरकारी डिस्पेंसरी में कुछ दिनाें तक उपचार लेने के बाद जोलसप्पड़ के एक निजी क्लीनिक में भी उपचार दिलाया गया। छात्रा की हालत बिगड़ने लगी तो वीरवार को नादौन लाया गया। डाक्टरों के प्रयत्न के बाद भी बचाया नहीं जा सका। छात्रा का भाई राहुल भी टाइफाइड से ग्रस्त है। डेढ़ माह पहले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बड़ा की नवमी की छात्रा शिवानी गांव फस्टे की भी टाइफाइड से ग्रस्त होने के बाद टांडा अस्पताल में मौत हो गई थी।
नादौन अस्पताल के डाक्टर बीएस राणा ने वीरवार को मीनू की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि उसे नादौन अस्पताल लाया गया, लेकिन काफी देर हो चुकी थी। छात्रा में टाइफाइड होने की पुष्टि की। उधर, खंड चिकित्सा अधिकारी डा. अशोक कौशल का कहना है कि उन्हें कोई जानकारी नहीं है, शनिवार को ही कुछ बता पाएंगे।
एसडीएम पब्लिक स्कूल बड़ा के हेडमास्टर राजेंद्र कुमार ने बताया कि विभाग को जानकारी दे दी गई है। स्कूल के बच्चे हैंडपंप का पानी पीते हैं। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बड़ा के प्रधानाचार्य अशोक गौतम ने भी माना कि क्षेत्र में टाइफाइड, वायरल फीवर के मामले आ रहे हैं। पिछले माह स्कूल की एक छात्रा की मौत हो गई थी। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग को जानकारी दे दी गई है।

Related posts