‘एहसान मेरे दिल पे तुम्हारा दोस्तो’ पर धमाल

हरिपुर (कुल्लू)। हरिपुर दशहरे की अंतिम सांस्कृतिक संध्या स्थानीय कलाकारों के नाम रही। अंतिम सांस्कृतिक संध्या में जिला परिषद अध्यक्ष हरिचंद शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। सांस्कृतिक संध्या का आगाज भारद्वाज म्यूजिक ग्रुप के दविंद्र ने ..ते शाहतलाइयां डेरा भजन की प्रस्तुति देकर किया। इसके बाद उन्होंने ..एहसान मेरे दिल पे तुम्हारा दोस्तो फिल्मी गीत पेशकर संध्या को रंगीन बनाया। इस ग्रुप के कलाकार बीएस भारद्वाज ने..बुधू मामा की नाटी,..खोड़ा डाले री चिड़िए,..बुरा लागे तेरा पाणी पिऊणा कुल्लवी गीत प्रस्तुत किया। माला ठाकुर ने ..बेटा ता बेझू पौढ़दा,..नींऊ केरनी नजरा,..रौह भलिए रौह भलिए गीत पेश अंतिम सांझ में दर्शकों को झूमने पर विवश कर दिया। इसके अलावा नीलासूरी क्लब के कलाकारों ने किन्नौरी नाटी पेश की। इसके बाद स्थानीय कलाकारों ने ठाकर माधोराय के पारंपरिक बांठड़ा (स्वांग) करके इतिहास के दर्शन करवाए। इसमें चंद्राऊली नृत्य, हार्न नृत्य, माडू भाई, देवीरूप, छोटा बाणू, बड़ा बाणू, देवपूछ, मोनिया बाबा, ब्रह्मा, विष्णु, महेश के साथ दशहरा सांस्कृतिक संध्या का समापन हुआ। जिप अध्यक्ष ने क्षेत्र के पंजीकृत युवक मंडलों को स्पोर्ट्स किट के लिए 10-10 हजार रुपये देने की घोषणा की है। वहीं ठाकर माधोराय के अधूरी सराय भवन के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा भी की। साथ में पांच हजार रुपये दशहरे के सफल आयोजन के लिए प्रोत्साहन के रूप में माधोराय कमेटी को दिए।

Related posts