पुलिस को चकमा देकर चरस तस्कर फरार

कुल्लू। पुलिस ने गश्त के दौरान दो व्यक्तियों से लगभग साढ़े आठ सौ ग्राम चरस बरामद की। हैरत की बात है कि ये दोनों आरोपी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट 20 और 29 के तहत मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस का एक दल सब इंस्पेक्टर योगराज की अगुवाई में तलोगी के पास गश्त पर था। इस दौरान दो व्यक्ति सड़क से पैदल आ रहे थे। जब इन्होंने पुलिस को देखा तो वे भाग गए और थैले को सड़क पर ही छोड़ दिया। पुलिस दल ने चरस तो बरामद कर ली, लेकिन शातिर तस्करों को पकड़ने में पुलिस नाकाम रही। पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने चरस छोड़कर फरार हुए आरोपियों की धरपकड़ के लिए मुहिम छेड़ दी है। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। चरस को छोड़कर भागे दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि आरोपी शीघ्र पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

मारपीट के दो मामले दर्ज, तीन पर केस
कुल्लू। जिला कुल्लू के अलग-अलग स्थानों में मारपीट के दो मामले सामने आए हैं। इनमें दो पर केस दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने मामलों की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पहले मामले में पुलिस में दर्ज शिकायत में पीपलागे निवासी सुनील शर्मा ने कहा है कि जब वह उसके पिता के दोस्त के साथ दशहरा देखने जा रहे थे तो उसी दौरान संजू और बिट्टू ने रास्ते में उसके पिता के दोस्त के साथ मारपीट की। दूसरे मामले में रमसू के प्रीतम चंद ने भी एक व्यक्ति पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस में दर्ज शिकायत पत्र में कहा गया है कि जब वह घर पर था तो उसी दौरान चंद्रकांत नाम के एक व्यक्ति ने उनके साथ मारपीट व अभद्र भाषा का प्रयोग किया है। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।

Related posts