
हमीरपुर। करवाचौथ पर्व के लिए महिलाओं में क्रेज देखने को मिल रहा है। खासकर नवविवाहित महिलाओं की दुकानों में काफी भीड़ देखी जा रही है। साथ ही विवाह-शादियों का दौर भी है इसलिए बाजारों में भी खूब रौनक लगी हुई है। महिलाएं अमरेला नेट सूट की खूब खरीदारी कर रही हैं। यूं कहें कि अमरेला नेट सूट की महिलाएं क्रेजी हो गई हैं तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी। बाजार में 1500 रुपये से लेकर 5000 रुपये तक अमरेला नेट सूट उपलब्ध हैं।
अमरेला सूट के साथ-साथ महिलाएं डिजाइन साड़ियों को भी तवज्जो दे रही हैं। महिलाएं लखनऊ वर्क और कोलकाता वर्क साड़ियों की खरीदारी कर रही हैं। बाजार में इनकी रेंज 1500 रुपये से दस हजार रुपये तक उपलब्ध है। करवाचौथ को लेकर युवतियां भी खरीदारी करने में पीछे नहीं हैं। वैन नैक सूट भी युवतियों को काफी भा रहे हैं। वैन नैक सूट की रेंज 1500 रुपये से चार हजार रुपये तक उपलब्ध है। अधिकतर लोग विवाह शादियों की तैयारी में भी जुटे हैं। इसके लिए लोग लहंगा चोली, लहंगा साड़ी की खरीददारी कर रहे हैं। लहंगा चोली की रेंज एक से पांच हजार जबकि लहंगा साड़ी की रेंज चार हजार से 15 हजार रुपये तक बाजार में उपलब्ध है। ब्राइडल सूट की भी विवाह शादियों के लिए जमकर खरीदारी हो रही है। ब्राइडल सूट 1500 से छह हजार रुपये तक उपलब्ध हैं। सूट सिलवाने को लेकर टेलर्स की दुकानों में भीड़ है। एडवांस में बुकिंग की जा रही हैं।
त्योहारी सीजन पर दस फीसदी तक छूट
त्योहारी सीजन के चलते कपड़ों की दुकानों में काफी भीड़ है। दुकानदारों ने भी स्पेशल छूट दे रखी है। दुकानदार आठ से दस फीसदी डिस्काउंट दे रहे हैं। डिस्काउंट के चलते लोग त्योहारी सीजन में विवाह शादियों के लिए भी खरीदारी कर रहे हैं।
