
जमटा (सिरमौर)। नाहन-नहरस्वार संपर्क मार्ग पर परिवहन निगम की सुबह के समय एकमात्र बस होने के कारण अकसर ओवरलोड़ रहती है। वीरवार को भी 37 सीटर बस में चार दर्जन स्कूली छात्रों सहित 100 से अधिक सवारियों ने जान जोखिम में डालकर सफर किया। छात्र दिनेश, प्रदीप, राजेश, नरेश कुमार, सुनील आदि ने कहा कि स्कूल टाइम पर एकमात्र बस होने के कारण कई बार 120 से अधिक सवारियां बस में ठूंस-ठूंस कर भरी होती हैं। ऐसे में यदि कोई अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए कौन जिम्मेदार होगा। छात्रों ने कहा कि एक ओर प्रदेश सरकार ने स्कूली छात्रों के लिए मुफ्त बस यात्रा करवाई है और ऊपर से बसें न होने के कारण छात्रों को यह सुविधा नहीं मिल रही है। पंचायत प्रधान नावणी जमटा कमला देवी ने कहा कि इस मार्ग पर महीपुर, चाकली, दथनोग, बरमन, सतना आदि गांव के लोग एवं स्कूली बच्चें इस बस में हर रोज सफर करते हैं। इसके चलते बस का ओवरलोड़ होना स्वभाविक है। उन्होंने कहा कि सुबह स्कूल के समय पर कम से कम दो सरकारी बसें चलाई जाए तो स्कूली विद्यार्थी बस की छत पर बैठने का जोखिम नहीं उठाएंगे। छात्रों के अभिभावकों को हर समय अपने बच्चे की चिंता बनी रहती है।
उधर, इस संबंध में परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधन रसीद शेख ने कहा कि इस मार्ग पर अतिरिक्त बस चलाने का प्रपोजल सरकार को भेजा गया है। इस मार्ग पर ओवरलोडिंग की अकसर शिकायतें आ रही है।
