
मैहतपुर (ऊना)। स्थानीय नगर पंचायत के वार्ड दो में पेयजल टैंक के निकट सप्ताह में दो दफा लगने वाले किसान सब्जी मंडी की तस्वीर बदलने वाली है। बेहद गंदी एवं कीचड़युक्त जगह पर मजबूरी में बैठकर सब्जी बेचने वाले किसानों तथा आसपास के अनेक गांवों से आकर सब्जी की खरीददारी करने वालों ग्राहकों की इस अहम समस्या पर बेशक स्थानीय नगर पंचायत के पदाधिकारियों ने कोई गौर न किया हो लेकिन मौजूदा विधायक एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने इस समस्या का कड़ा संज्ञान लेते हुए मंडी स्थल में जरूरी सुधार किए जाने की हावी भरी है। विधायक सत्ती ने नगर पंचायत को निर्देश दिए हैं कि वह मंडी स्थल को फलोर टाइल से बेहद पक्का करवाने का खाका तैयार करें और इस कार्ययोजना पर अनुमानित खर्च से उन्हें अवगत करवाएं ताकि वह इस काम के लिए राशि जारी कर सकें।
मंगलवार को विधायक सतपाल सत्ती ने ‘अमर उजाला’ से बातचीत के दौरान कहा कि जिस स्थल को बेहद खूबसूरत एवं साफ सुथरा रखने की जरूरत है। उसी स्थल में गंदगी और कीचड़ का आलम देखकर वह नगर पंचायत की कार्यशैली पर सिवाए अफसोस जताने के और क्या कर सकते हैं। सत्ती ने बेबाकी से कहा कि नगर पंचायत के चुने हुए प्रतिनिधि बेशक किसी कभी दल के हों, उन्हें आम जनता के दुख दर्द का एहसास तो होना चाहिए।
मौजूदा विधायक ने कहा कि हैरत की बात है कि कीचड़ में बैठकर सब्जी बेचने वाले किसानों और खरीददारी करने वाली आम जनता की इस अहम समस्या के हल के प्रति स्थानीय नगर पंचायत ने आज तक कोई कदम क्यों नहीं उठाए। उन्होंने कहा कि जो कार्य प्रमुखता से होने चाहिए, उनपर गौर न करना नगर पंचायत की कारगुजारी को दर्शाता है। सत्ती ने नगर पंचायत के जेई को मंडी स्थल को स्वच्छ एवं पक्का करवाने की योजना का जल्द खाका तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
