
ऊना/मैहतपुर। जिला के रायपुर मरवाड़ी और मैहतपुर में मारपीट और हुड़दंग मचाने के आरोप में आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी गई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार देर सायं दौलतपुर चौक पुलिस को सूचना मिली कि सुशील कुमार निवासी रायपुर मरवाड़ी तहसील अंब जिला ऊना अपनी पत्नी से मारपीट कर रहा है। इसके अतिरिक्त वह आम जनता की शांति में बाधा उत्पन्न कर रहा है।
पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच आरोपी को दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। दूसरी वारदात में मैहतपुर पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि स्थानीय बाजार में विजय कुमार, परवेश कुमार, सुनील कुमार, सौरभ तथा अमनदीप सभी निवासी कलसेहड़ा जिला रोपड़ (पंजाब) आपस में लड़ाई-झगड़ा कर आम जनता की शांति में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंच पांचाें को गिरफ्तार कर लिया है। सभी के खिलाफ केस दर्ज मामले की छानबीन आरंभ कर दी गई है।
एसपी अनुपम शर्मा ने मामलाें की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दोनों वारदातों के संदर्भ में केस दर्ज कर छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। मामलाें की छानबीन आरंभ कर दी गई है।
