
हमीरपुर। आबकारी एवं कराधान विभाग की टीम ने बिना टैक्स चुकाए लाखों का सामान पकड़ा। हमीरपुर जिला की सीमा पर विभागीय टीम ने निरीक्षण के दौरान अवैध रूप से लाया जा रहा सामान पकड़ा है। विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सामान का मूल्यांकन कर संबंधित व्यापारियों से 1.85 लाख रुपये का जुर्माना वसूल किया है। त्योहारी सीजन में विभाग ने निरीक्षण, छापेमारी की प्रक्रिया को तेज कर दिया है। प्रक्रिया के तहत टैक्स चोरी करने वाले व्यापारियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
आबकारी विभाग की टीम ने हमीरपुर-ऊना जिला की सीमा पर नाका लगाया था। इसी दौरान करीब साढ़े छह लाख रुपये का बिना टैक्स भरे लाया जा रहा सामान पकड़ने में सफलता हासिल की है। गाड़ियों में बिना टैक्स अदा किए सरिया, मार्बल, रेडीमेड कपड़े, मनियारी, इंडक्शन चूल्हे तथा अन्य सामान लाया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान बिल सहित जरूरी कागजात उपलब्ध न होने पर विभाग ने कार्रवाई की।
जारी रहेगा निरीक्षण अभियान : हरदेव
आबकारी कराधान अधिकारी हरदेव देहल ने बताया कि संबंधित लोगों से 1.85 लाख रुपये का जुर्माना वसूल किया गया है। त्योहारी सीजन में निरीक्षण अभियान जारी रहेगा। टीम में उनके साथ सहायक आबकारी कराधान अधिकारी डा. वीरेंद्र शर्मा, सुरेश ठाकुर भी शामिल थे। उधर, सहायक आबकारी कराधान आयुक्त हमीरपुर रविंद्र कुमार का कहना है कि त्योहारों के मद्देनजर निगरानी को बढ़ाया जाएगा तथा बिना टैक्स दिए सामान लाने वालों पर पूरी तरह से शिकंजा कसा जाएगा। त्यौहारी सीजन के दौरान निरीक्षण, छापेमारी की प्रक्रिया जारी रहेगी।
