
कांगड़ा। लोकसभा सांसद राजन सुशांत ने पूरे कांगड़ा शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सीसीटीवी कैमरे और मूलभूत सुविधाओं के लिए ग्यारह लाख रुपये देने की घोषणा की है। यहां नप मैदान में दशहरा उत्सव पर बतौर मुख्यातिथि पधारे सुशांत ने कहा कि शहर के इस मशहूर त्योहार को जिलास्तरीय उत्सव का दर्जा दिलवाने के लिए वह खुद मुख्यमंत्री से बात करेंगे।
उन्होंने कहा कि कांगड़ा शहर में सीसीटीवी कैमरे लगने से आम आदमी की सुरक्षा को मजबूती मिलेगी। दशहरे के सफल आयोजन के लिए उन्होंने कमेटी को 51000 रुपये देने की घोषणा की। इससे पहले दशहरा कमेटी के अध्यक्ष अशोक शर्मा ने कहा कि यह पर्व सालों से इसी तरह धूमधाम से मनाया जाता है। शर्मा ने इस पर्व को जिलास्तरीय करने की मांग उठाई। सुशांत ने रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों को आग लगाई। इस मौके पर कमेटी के नरेंद्र त्रेहन सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
मां-बाप से बिछड़ा बच्चा
पुतलों के दहन के बाद एक ढाई साल का बच्चा अपने मां-बाप से बिछड़ गया। बच्चे के यहां होने की सूचना कई बार माइक पर की गई। लेकिन बच्चे के मां बाप नहीं आए। मंच पर सूचना देने वालों ने कहा कि जिसका भी यह बच्चा है, उसे पुलिस स्टेशन से ले लें। बाद में बच्चे के मां बाप मिल गए।
