
पतलीकूहल (कुल्लू)। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाइवे पर पतलीकूहल में एक मोटरसाइकिल से टकराकर महिला की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्जकर दुर्घटना के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक राष्ट्रीय राजमार्ग पर पतलीकूहल में गैस एजेंसी के सामने एक मोटर साइकिल ने सड़क से गुजर रही एक महिला को टक्कर मार दी। इसमें गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल कुल्लू लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। अभी तक महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पतलीकूहल चौकी में तैनात एसआई संजीव कुमार ने बताया कि इस दुर्घटना को लेकर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। केस की छानबीन जारी है। महिला के शव की शिनाख्त करवाई जा रही है।
डीएसपी संजय शर्मा का कहना है कि यातायात नियमों की अवहेलना के चलते सड़क हादसे हो रहे हैं। हादसे के लिए जिम्मेदार मोटरसाइकल चालक को खोजा जा रहा है। ट्रैफिक नियमों का पालन सुनिश्चित कराने को पुलिस कड़े कदम उठा रही है
