रोहतांग में हिमपात से कारोबारी खुश

मनाली। विश्व विख्यात पर्यटन नगरी मनाली के प्रसिद्ध टूरिस्ट प्वाइंट रोहतांग दर्रा में हिमपात से कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं। शुक्रवार रात से हो रहे हिमपात से मनाली की तमाम चोटियां बर्फ की सफेद चादर ओढ़ चुकी हैं वहीं पूरी घाटी भी शीत लहर की चपेट में आ गई है। मनाली के मुख्य पर्यटन स्थल रोहतांग दर्रे सहित मकरवे, शिकरवे, मनाली पीक, लद्दाखी पीक, पतालसू पीक, सेवन सिस्टर पीक, थान परी टिब्बा, मनाली पास, हामटा पास, शिरघनतुंग, हनुमान टिब्बा, देउ टिब्बा, चंद्रखंणी पास मांगण, व्यास कुंड, भृगु लेक और शौहर लेक में ताजा हिमपात हुआ।
ऊंचे पहाड़ों में जहां हिमपात का दौर जारी है, वहीं निचले इलाकों में बारिश होने से तापमान में गिरावट आई है। रोहतांग सहित अन्य चोटियों पर ताजा हिमपात से मनाली के कारोबारी खुश हैं। मनाली होटलियर एसोसिएशन के प्रधान एवं कुल्लू मनाली पर्यटन विकास मंडल के प्रधान अनूप राम ठाकुर ने बताया कि रोहतांग सहित अन्य चोटियों में ताजा हिमपात से कारोबार बढ़ने की उम्मीद है। दशहरा और दीवाली के नजदीक होने तथा हिमपात के चलते कारोबार में दोहरा फायदा हो सकता है।
मनाली में पिछले दो-तीन माह से बंद पड़े पर्यटन उद्योग को एक बार फिर रफ्तार मिलेगी। मनाली में एप्पल कंट्री के मैनेजर विवेक कपूर ने बताया कि ताजा हिमपात मनाली के पर्यटन सीजन के लिए संजीवनी का काम करेगा और आने वाले समय में भारी संख्या में सैलानी मनाली आएंगे। स्नो वैली रिजार्ट के मालिक विंपी बख्शी और होटल पिकाडली के मैनेजर चौहान ने बताया कि मनाली की वादियों में ताजा हिमपात होना एक अच्छा संकेत हैं।

Related posts