
मैहतपुर (ऊना)। जिले में बढ़ रही चोरी की वारदातों से इलाके में दहशत का माहौल है। चोरों ने स्थानीय पुलिस की नींद उड़ा रखी है। कानून के लंबे हाथ चोरों की गर्दन तक नहीं पहुुंच पा रहे हैं। शुक्रवार रात स्थानीय नगर पंचायत क्षेत्र के बसदेहड़ा में दो दुकानों के ताले तोड़कर शातिरों ने चोरी का असफल प्रयास किया। हालांकि, यह बात दूसरी है कि चोरों के हाथ कुछ सिक्के और फटे पुराने नोट ही हाथ लग पाए। बसदेहड़ा चौक पर एक किराना दुकान के मालिक सतपाल ने बताया कि शुक्रवार रात को उनकी दुकान के ताले तोड़कर चोर गल्ले में से दो सौ पचास रुपये के फटे पुराने नोट चुरा ले गए। दुकान का सारा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। शनिवार को पुलिस को इसकी सूचना दे दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दुकानदार के ब्यान दर्ज किए। उधर, कुछ ही दूरी पर सरकारी स्कूल बसदेहड़ा के निकट एक कन्फैक्शनरी की दुकान के ताले तोड़कर चोर 100 रुपये के सिक्के ले उड़े। पुलिस ने दुकानदार की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी ऊना सुरेंद्र शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। दो रोज पहले ही बुधवार को मैहतपुर मुख्य बाजार में चोरों ने 92 हजार रुपये का सामान चुराया था। कुछ दिन पहले ही मुख्य बाजार की ही एक अन्य दुकान से भी चोरों ने मंहगे मोबाइल चुराए थे। व्यापार मंडल अध्यक्ष पंडित रमेश्वर दत्त द्विवेदी ने कहा कि कभी एटीएम से लोगों को ठगा जा रहा है तो कभी बाजार में चोरियां हो रही हैं, आखिर पुलिस कर क्या रही है।
स्थानीय व्यापार मंडल ने चोरी की बढ़ रही घटनाओं पर काबू पाने और पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग उठाई है।
