गरीब की भूमि हथिया दिखाया चेहरा

हमीरपुर। एपीएमसी के अध्यक्ष एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य प्रेम कौशल ने कहा कि अनुराग, अरुण द्वारा नियमों को ताक पर रखकर हथियाई गई गरीब की भूमि से गरीब हितैषी होने का चेहरा बेनकाब हो गया है। कांग्रेस ने गरीब भूमिहीन को जमीन उपलब्ध कराई और भाजपा नेताओं ने उसे हथिया लिया। धूमल परिवार के कृत्य से भाजपा ने भी किनारा कर लिया है। इसके चलते अपने बचाव में धूमल परिवार को खुद ही उतरना पड़ रहा है।
हमीरपुर में पत्रकार वार्ता में कहा कि भूसौदा उजागर होने के पश्चात अब मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को निशाना बना रहे हैं। लोकसभा चुनाव नजदीक आते देख खुद को जनता के सामने निर्दोष बताने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने धूमल परिवार से पिछले पांच सालों में अर्जित की गई संपत्ति का ब्यौरा लोगों के सामने रखने का आग्रह किया। कौशल ने धूमल पुत्रों को सलाह दी कि देश के चुनिंदा राजनीतिज्ञों में शामिल वीरभद्र सिंह पर गलत बयानबाजी बंद करें। उनके साथ अजय शर्मा व मनोज शर्मा भी मौजूद रहे।

Related posts