मरीजों को अब बिस्तर पर मिलेगी आक्सीजन

कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में आक्सीजन का आधुनिक सिस्टम स्थापित हो गया है। सेंट्रल सिस्टम आक्सीजन के तहत अब मरीजों को बिस्तर के साथ ही आक्सीजन मिल जाएगी। इसमें सिलेंडर लाने ले जाने का झंझट नहीं रहेगा। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में तैनात मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. बलदेव ठाकुर ने ऑक्सीजन सप्लाई सिस्टम का रिबन काटकर उद्घाटन किया।
अब तीन जिलों को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाने वाले क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में मरीजों का इलाज आधुनिक तरीकों से होगा। सीएमओ डा. बलदेव ठाकुर ने बताया कि सेंट्रल सिस्टम रूम से नए और पुराने अस्पताल के भवनों के तमाम वार्डों के लिए दो पाइपों का कनेक्शन दिया है। मरीजों और वार्डों में तैनात स्वास्थ्य कर्मियों को परेशानी नहीं होगी। दो सौ बिस्तरों पर आक्सीजन सिस्टम स्थापित किया है। सांस और बलगम से संबंधित मरीजों को बिस्तर पर ही आक्सीजन मिलेगी। इस पर 28 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इसके लिए अस्पताल प्रशासन ने राज्य और केंद्र सरकार का आभार जताया है। सीएमओ ने बताया कि इससे पहले सीरियस मरीज आने पर भारी परेशानी होती थी। उन्होंने बताया कि अब आधुनिक तरीके से मरीजों का उपचार किया जाएगा। इस मौके पर जिला चिकित्सा अधिकारी डा. सुशील चंद्र शर्मा और डा. सोनम सहित तमाम स्टाफ मौजूद रहा।

Related posts