
ऊना। अंब उपमंडल के टकारला में मिनी इंडस्ट्रियल एरिया की स्थापना होगी। उद्योग विभाग ने टकारला में 350 कनाल भूमि को इंडस्ट्रियल एरिया के लिए चिन्हित किया है। 14 अक्तूबर को उद्योग विभाग, वन विभाग के अधिकारी तथा अन्य अफसर भूमि की ज्वाइंट इंस्पेक्शन करेंगे। भूमि के फाइनल होते ही उद्योगपतियों को उद्योगों की स्थापना के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इससे रोजगार के द्वार भी खुलेंगे। उद्योग विभाग के महाप्रबंधक तिलक राज शर्मा ने सोमवार को ज्वाइंट इंस्पेक्शन की तारीख निर्धारित होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि ज्वाइंट इंस्पेक्शन के बाद भूमि को विभाग के अधीन ट्रांसफर करने की प्रक्रिया शुरू होगी। उधर, पंडोगा में भी इंडस्ट्रियल एरिया की स्थापना के लिए 1800 कनाल भूमि चिन्हित हुई है। इसे विभाग के नाम ट्रांसफर करने की प्रक्रिया जारी है। गगरेट, दियोली घनारी में भी विभाग ने इंडस्ट्रियल एरिया की स्थापना के लिए भूमि चिन्हित कर रखी है। टाहलीवाल में विभाग के पास इंडस्ट्रियल एरिया की स्थापना के लिए एक हजार कनाल भूमि है। थानाकलां में 458 कनाल भूमि विभाग के नाम ट्रांसफर हो चुकी है, वहां पर उद्योगों की स्थापना के मकसद से आ रहे उद्योगपतियों को विभाग जमीन भी दिखा रहा है।
—
लोगों को रोजगार मिलेगा
उद्योग विभाग के प्रबंधक अश्वनी कहते हैं कि टकारला, पंडोगा और अन्य चिन्हित क्षेत्रों में इंडस्ट्रियल एरिया की स्थापना से हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तौर पर रोजगार मिलेगा। विभाग के नाम भूमि हस्तांतरित होते ही इंडस्ट्रियल एरिया की स्थापना की दिशा में कदम आगे बढ़ाए जाएंगे।
