मिलावट के गोरखधंधे पर लगाम की तैयारी

ऊना। जिले में मिलावटी मिठाइयों का गोरखधंधा करने वालों पर शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से मिठाइयों के तमाम व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर छापामारी करने का फैसला लिया गया है। त्योहारी सीजन को लेकर विभाग पूरी तरह अलर्ट हो चुका है। बाहर से आने वाली मिठाइयों की खेप पर भी निगाह रखी जाएगी। मुनाफे के चक्कर में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ विभाग ने सख्ती करने का फैसला किया है।
मिलावटी मिठाइयों के कारोबार में पिछले वर्षों के दौरान आए उछाल के मद्देनजर इस वर्ष भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। बाहरी राज्यों से आने वाले क्विंटलों के हिसाब से खोया पकड़ने के लिए भी अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। पिछले वर्ष भी प्रशासनिक अधिकारियों की अगुवाई में बड़ी मात्रा में मिलावटी मिठाइयां पकड़ी गईं थी। व्यापारिक प्रतिष्ठानों में भी छापेमारी की गई थी। जिला चिकित्सा अधिकारी डा. जीआर कौशल ने बताया कि विभाग छापेमारी करने जा रहा है। लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related posts