
कुल्लू। विश्वविद्यालय में हुई हिंसा और पुलिस प्रशासन द्वारा एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर की गई कार्रवाई के विरोध में परिषद की कुल्लू इकाई ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। एबीवीपी ने मंगलवार को एसपी कार्यालय के बाहर धरना दिया। साथ ही एसपी कुल्लू के माध्यम से डीआईजी और प्रदेश सरकार को उचित कार्रवाई करने का ज्ञापन सौंपा। इकाई अध्यक्ष अनीश ने बताया कि विवि प्रशासन ने एबीवीपी के 30 कार्यकर्ताओं को निष्कासित किया है।
उन्होंने कहा कि हिंसा की शुरुआत और मारपीट एसएफआई के कार्यकर्ताओं ने की थी। कहा कि 30 कार्यकर्ताओं का निष्कासन विवि प्रशासन द्वारा लिया गया एक तरफा फैसला उचित नहीं। पुलिस और विवि प्रशासन द्वारा विद्यार्थी परिषद की आवाज को दबाने का प्रयास प्रदेश सरकार के इशारे पर किया जा रहा है। एबीवीपी ने चेतावनी दी है कि अगर एबीवीपी के कार्यकर्ताओं को बहाल नहीं किया गया तो पूरे प्रदेश में व्यापक आंदोलन छेड़ा जाएगा। इस मौके पर एसएफआई कुल्लू के 126 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
