चरवाहों पर भांजी लाठियां

नंगड़ा (ऊना)। स्थानीय बेले में तीन चरवाहों पर कुछ लोगों ने लाठियों से हमला कर दिया। हमलावरों ने युवकाें को इतनी बेरहमी से पीटा कि एक युवक मौके पर ही बेहोश हो गया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने जाते समय घायल युवकों को जान से मारने की धमकी भी दी है। घायल युवक को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने घायलों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बेला नंगड़ा में रहने वाले अजमेर सिंह पुत्र हजारा सिंह निवासी कोट मैहरा तहसील व थाना गढ़शंकर तहसील एवं जिला होशियारपुर ने शिकायत दर्ज करवाई कि सोमवार देर सायं वह और उसके दो साथी बिंदर एवं हरि किशन अपने पशुओं को चराने के बाद अपने डेरा बेला नंगड़ा जा रहे थे। इसी दौरान जब वह शमशानघाट के पास पहुंचे तो सामने से मोहन लाल पुत्र गुलजारी लाल निवासी सासण जिला ऊना अपने साथ एक अज्ञात व्यक्ति के साथ पहुंचा। दोनों ने हाथों में लाठियां ले रखी थीं। आरोपियाें ने बिना कुछ पूछे उनका रास्ता रोक कर लाठियां बरसाना आरंभ कर दिया, जिससे हरि किशन उनकी मारपीट से बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। इसी दौरान मोहन लाल का दूसरा साथी जाते जाते हरि किशन को धमकी दे गया कि इस बार वह बच गया, लेकिन आइंदा वे उसे जिंदा नहीं छोडे़ंगे। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में केस दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है।

Related posts