
ऊना। उद्योग, सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद ऊना जिले को विकास के अनेक तोहफे मिले हैं और जिले को शिखर पर पहुंचाने के लिए एक विस्तृत एजेंडा तैयार किया जा रहा है। ऊना के सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए अगिभनहोत्री ने कहा कि ऊना जिले में आने वाले दिनों में इंडियन आयल डिपो भी खुलेगा। इसके लिए पेखूबेला में 60 एकड़ जमीन चिन्हित की गई है। इसमें 800 करोड़ का निवेश होगा। इंडियन आयल कंपनी से इस बारे में बात अंतिम चरण में है। इसके अलावा जिले में प्रदेश का पहला सीएसडी डिपो खोलने के लिए सैन्य प्रशासन से बातचीत चल रही है। प्रशासन द्वारा सैन्य अधिकारियों को कई स्थानों पर जमीन दिखाई गई है। इसी सप्ताह एक अन्य टीम जिले में जगह देखने आ रही है। सीएसडी डिपो के लिए कहां जमीन फाइनल होगी, इसका अंतिम निर्णय सैन्य प्रशासन ही करेगा। उन्होंने कहा कि ऊना में स्पोर्ट्स हॉस्टल भी बनाया जाएगा, जिसके लिए जमीन तलाश की जा रही है। उद्योगमंत्री ने कहा कि पंडोगा में नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है, जिसके लिए 150 एकड़ भूमि विभाग के नाम ट्रांसफर करने की प्रक्रिया चल रही है। हरोली विधानससभा क्षेत्र के सलोह में ही जिले का दूसरा केंद्रीय विद्यालय भी खुलेगा। हरोली थाने के सामने सिविल अस्पताल का भवन तैयार किया जाएगा और इसके लिए सरकार ने 5.26 करोड़ रुपये की राशि प्रदान कर दी है। केंद्र ने हरोली के लिए चार करोड़ लागत का माडर्न हेल्थ रिसर्च यूनिट भी स्वीकृत किया है और इसके एमओयू पर भी हस्ताक्षर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि यह माडर्न हेल्थ रिसर्च यूनिट हरोली सिविल अस्पताल के साथ अलग से खुलेगा। इसके अलावा लालूवाल में बस अड्डा, हरोली में मिनी सचिवालय और पोलियां में विश्राम गृह का निर्माण भी किया जाएगा। इस मौके पर डीसी अभिषेक जैन एवं एसपी अनुपम शर्मा भी उपस्थित थे।
