37 लाख से बनेगा सिंचाई नलकूप

ऊना। उद्योगमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बीत क्षेत्र के ढिलवां में सिंचाई नलकूप का भूमि पूजन किया। करीब 37.40 लाख की लागत से यहां नलकूप स्थापित होने से गांव के खेतों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इस अवसर पर प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री, एग्रो पैकेजिंग के पूर्व उपाध्यक्ष ओंकार शर्मा, हरोली ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत राणा एवं सिंचाई व जनस्वास्थ्य विभाग के अधीक्षण अभियंता आरएन त्रिवेदी सहित अनेक गण्यमान्य लोग उपस्थित थे। इस अवसर पर उद्योगमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के मार्गदर्शन एवं प्रयासों से जिला ऊना में स्वां नदी की सभी सहायक 73 खड्डों के तटीयकरण के लिए केंद्र से मंजूर करवाई गई 922.48 करोड़ रुपये लागत की महत्वाकांक्षी परियोजना का जल्द ही शिलान्यास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तटीयकरण योजना का अब जल्द ही शिलान्यास किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह एवं केंद्रीय मंत्री भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट से ऊना जिले में दौलतपुर पुल से गगरेट पुल तक स्वां नदी का 11 किलोमीटर लंबा क्षेत्र चैनेलाइज किए जाने के साथ-साथ ऊना जिले की दौलतपुर से संतोषगढ़ पुल तक सभी 73 खड्डें चैनेलाइज हो जाएंगी। चैनेलाइजेशन से 7136.49 हेक्टेयर भूमि रिक्लेम होगी।
अग्निहोत्री ने कहा कि इस समय ऊना जिले में 78.64 करोड़ लागत की 39 सिंचाई योजनाओं का कार्य प्रगति पर है, जिनके पूर्ण होने पर लगभग 3538 हेक्टेयर कृषि योग्य भूमि को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। जिले में 499 सिंचाई योजनाओं का निर्माण कार्य पूर्ण कर 20148 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई की सुविधा प्रदान करवा दी गई है। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2013-14 में 44 बस्तियों को समुचित पेयजल उपलब्ध करवाने का लक्ष्य रखा गया है। बाढ़ नियंत्रण कार्यों के तहत 254 हेक्टेयर भूमि को कृषि योग्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि जिले के बीत एरिया के गांवों और खेतों की प्यास बुझाने के लिए 27 करोड़ की सिंचाई योजना को जल्दी ही मंजूरी मिलने वाली है। इस योजना के तहत स्वां नदी से पानी उठाकर अमराली तक पहुंचाया जाएगा, जहां से टैंकों के जरिए पानी खेतों तक पहुंचाया जाएगा।

Related posts