
ऊना। जिला मुख्यालय के वार्ड नंबर 10 स्थित मोहल्ला बैहली में तीन लोगों ने एक को पीट दिया। उसे नाजुक हालत में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में दाखिल करवाया गया है, जबकि पुलिस ने घटना के संदर्भ में पीड़ित की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है। बताया जा रहा है कि हादसे में घायल व्यक्ति का एक हाथ और बाजू को गहरी चोटें लगी हैं। बाजू पर किसी चीज से प्रहार किया गया है पुलिस इस तथ्य की भी खोजबीन की जा रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार देसराज पुत्र गरीब दास मोहल्ला बैहली वार्ड नंबर 10 तहसील एवं जिला ऊना ने शिकायत दर्ज करवाई है कि शनिवार देर सायं जब यह अपने घर के पास रास्ते में पहुंचा तो विजय कुमार, राम किशन उर्फ पूना, राम कुमार पुत्र बंता राम निवासी मोहल्ला बैहली जिला ऊना ने उसका रास्ता रोक लिया। जब उसने रास्ता रोके जाने का कारण पूछा तो सभी ने मिलकर उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उसे बुरी तरह पीटा। घटना के दौरान उनकी ओर से किए गए प्रहारों के चलते उसकी दाहिनी बाजू और हाथ पर गंभीर चोटें पहुंची हैं। स्थानीय लोगों ने बीच बचाव कर उसे छुड़ाया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। एसपी अनुपम शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
