कार्यकर्ताओं को दिए चुनावी टिप्स

ऊना। देश में लोकसभा चुनाव में मोदी को पीएम बनाने के संकल्प के साथ युवा मोर्चा ने हिमाचल में चुनावी तैयारी शुरू कर दी है। युवा मोर्चा हिमाचल के अध्यक्ष सुनील ठाकुर ने रविवार को ऊना मुख्यालय पर मोर्चे की जिला स्तरीय बैठक में बतौर मुख्य वक्ता भाग लेकर युवा कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति से संबंधित टिप्स देकर हिमाचल के लोकसभा चुनावों में चारों सीटें भाजपा की झोली में डालने में अहम भूमिका अदा करने के निर्देश दिए। सुनील ठाकुर ने कहा कि वर्तमान समय में जनता का मोह कांग्रेस से टूट रहा है और ऐसे में भाजपा ही एकमात्र विकल्प उसके सामने है, जो नरेंद्र मोदी जैसे मजबूत नेतृत्व के साथ जनता को भय व भ्रष्टाचार मुक्त शासन उपलब्ध करवा सकती है। उन्हाेंने कहा कि राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री का अपमान करते हैं और प्रधानमंत्री कुर्सी के मोह में अपमान सहन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए देश पहले है, इसलिए देश के प्रधानमंत्री का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि महंगाई एवं भ्रष्टाचार के मुद्दे कांग्रेस को केंद्र की सत्ता से बेदखल करेंगे। सुनील ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में सरकार न होकर एक जांच एजेंसी के नाते काम करने वाला संगठन बनकर रह गया है। उन्होंने कहा कि मात्र चंद अधिकारियों के सहारे सरकार विपक्ष को दबाने का काम कर रही है। ठाकुर ने कहा कि अनुराग ठाकुर पर राजनीतिक मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं ताकि उनकी लोकप्रियता को कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के ये कदम आत्मघाती साबित होंगे और अनुराग ठाकुर सभी मामलों में से बेदाग होकर निकलेंगे। इस अवसर पर राज्य युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष सुमित शर्मा एवं जिलाध्यक्ष बलराम बबलू ने ऊना में युवा मोर्चा की गतिविधियों की जानकारी दी। इस मौके पर भाजयुमो के महामंत्री लखवीर सिंह लक्खी, राजेश राणा, राजन सहोड़, हर्ष कौशल, संजीव शर्मा, जगदीप लाडी, राजेश कौशल, मुनीष, रिंकू, राजन कालिया, विक्रम सिंह, रमेश शर्मा, रोहित शर्मा, बलविंद्र गोल्डी, राजकुमार पठानिया, उमंग ठाकुर, पुनीत मैहन, राजीव कालिया, दविंद्र, नरेंद्र लट्ठ व अंकुश गौतम सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related posts