
ऊना। स्थानीय पीजी कालेज में पढ़ने वाला एक छात्र रहस्यमयी ढंग से लापता हो गया है। लापता छात्र जिले के थानाकलां का निवासी बताया जा रहा है, जो शनिवार को घर से कालेज आया, लेकिन उसके बाद वापस घर नहीं पहुंचा है। छात्र के परिजनों ने मामले के संदर्भ में ऊना थाने में एफआईआर दर्ज करवा दी है, जबकि पुलिस ने भी उसकी खोजबीन आरंभ कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीजी कालेज ऊना में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र थानाकलां निवासी अमित खन्ना पुत्र यशपाल खन्ना शनिवार सुबह रोजाना की तरह घर से कालेज आया, लेकिन शाम को घर वापस नहीं पहुंचा। परिजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया तो वह भी बंद था। परिजनों ने अमित को अपने सभी संबंधियों के यहां खोजा, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। अंतत: रविवार को उन्होंने ऊना थाने में एफआईआर दर्ज करवा दी। सदर थाना प्रभारी केएल बैरी ने बताया कि पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर लापता छात्र की गुमशुदा रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
