
एनएच-21 पर नहीं लगेगा जाम
बद्दी (सोलन)। राष्ट्रीय मार्ग-21 पर बद्दी से नालागढ़ तक लगने वाले जाम को कम करने के लिए बद्दी पुलिस ने सनसिटी मार्ग पर सुबह और शाम के आवाजाही पर रोक लगा दी है। पुलिस का मानना है कि इस रोक से राष्ट्रीय मार्ग पर जाम लगना कम हो जाएगा।
बद्दी पुलिस ने बद्दी टोल बैरियर से सनसिटी मार्ग पर सुबह 8 से 10 तथा शाम को 5 से आठ बजे तक ट्रक, टिप्पर, टेंपू, टैंकर व ट्र्रैक्टर के आवाजाही पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। पुलिस का मानना है कि सनसिटी मार्ग के लिए बद्दी पुल से मुड़ने के लिए काफी जगह कम है। एक बड़ा ट्रक सनसिटी मार्ग पर जाने के लिए दो बार बैक हो कर सीधा होता है। इतनी देर में राष्ट्रीय मार्ग पर सौ वाहन लाइन में लग जाते हैं। सुबह और शाम राष्ट्रीय मार्ग पर अधिक वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में सनसिटी मार्ग पर कोई वाहन नहीं मुड़ना चाहिए। अगर यही बड़े वाहन बरोटीवाला और लाइट चौक से मुडे़ंगे तो उन्हें मोड़ने में कोई समय नहीं लगेगा। वहीं राष्ट्रीय मार्ग पर लगने वाले जाम में कमी आएगी। बीबीएन में हर वर्ष सैकड़ों नए वाहन खरीदे जा रहे हैं लेकिन मार्ग वही पुराना है। जिससे इस मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रहती है।
इस संबंध में एसपी अरूल कुमार ने बताया कि बद्दी औद्योगिक क्षेत्र होने से सुबह के समय कामगार और उद्यमी अपनी फैक्टरी के लिए जाते हैं। ऐसे में राष्ट्रीय मार्ग पर वाहनों की संख्या अचानक चार गुना बढ़ जाती है। इस दौरान कई बड़े वाहन सीमा पर बने पुल से सनसिटी मार्ग की ओर मुड़ते हैं जिससे उन्हें मोड़ने में काफी समय लगता है। इस बीच राष्ट्रीय मार्ग पर जाम लग जाता है। पुलिस ने आम लोगों की सुविधा के लिए सनसिटी मार्ग पर सुबह और शाम को बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई है।
