बेटी की शिकायत पर अब हुई कार्रवाई

मलोखर (बिलासपुर)। नाबालिग बेटी का सौदा करने वाली कलियुगी मां के साथ ही उसके मित्र को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। मां के मित्र द्वारा जोर-जबरदस्ती के प्रयास के दौरान लड़की के फटे हुए कपड़े भी कब्जे में ले लिए गए। इस मामले में लापरवाही दर्शाने वाले कुछ पुलिस कर्मियों पर भी गाज गिर सकती है।
खारसी चौकी के अंतर्गत आने वाले एक गांव की 17 वर्षीय नाबालिग गत शुक्रवार को अपने पिता और गांव के अन्य लोगाें के साथ बिलासपुर में पुलिस अधिकारियों से मुलाकात करने पहुंची थी। बेटी ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए अपनी मां की कथित करतूतों का चिट्ठा पुलिस के समक्ष खोला था। लड़की के अनुसार उसके माता-पिता पिछले कई सालों से अलग रह रहे हैं। वह अपनी मां के साथ रहती थी। अवैध शराब व मादक पदार्थों के गोरखधंधे में संलिप्त उसकी मां के सोलग के एक व्यक्ति के साथ अनैतिक संबंध हैं। उक्त व्यक्ति उस पर भी बुरी नजर रखता था। गत एक अक्तूबर को उक्त व्यक्ति ने मां की शह पर उसकी आबरू लूटने का प्रयास किया। वह किसी तरह अपनी इज्जत बचाने में कामयाब हो पाई। उसने उसी समय पुलिस को फोन किया। खारसी चौकी से करीब दो घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को रफा-दफा करने का ही प्रयास किया। मां द्वारा दिखावे के लिए खोली गई दुकान में उस समय बड़ी मात्रा में अवैध शराब भी पड़ी हुई थी। बताने के बावजूद पुलिस ने दुकान में छापा मारने की जहमत नहीं उठाई।
बहरहाल, आला अधिकारियों के हस्तक्षेप से हरकत में आई पुलिस ने न केवल मामला दर्ज किया, बल्कि शनिवार को नाबालिग की मां व उसके मित्र को भी गिरफ्तार कर लिया। एसपी कपिल शर्मा ने इस मामले में दो गिरफ्तारियों की पुष्टि करते हुए बताया कि एएसपी मामले की छानबीन कर रहे हैं। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Related posts