दशहरा उत्सव का सुरक्षा मैप प्लान तैयार

कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव की सुरक्षा का मैप प्लान पुलिस महकमे ने तैयार कर लिया है। उत्सव में सुरक्षा घेरा इतना कड़ा रहेगा कि परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा। यह दावा खुद पुलिस महकमे का है। इस साल दशहरा पर्व में सुरक्षा का जिम्मा 1700 पुलिस जवानों के हाथ रहेगा। यह जानकारी एसपी डा. विनोद कुमार धवन ने पत्रकारवार्ता में दी।
उन्होंने कहा कि दशहरा पर्व में आने वाले हर एक शख्स पर सर्विलेंस टावर और सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी। उत्सव के दौरान बम निरोधक दस्ते के अलावा सुरक्षा में डॉग स्क्वायड और एंटी गुंडा टीम भी तैनात रहेगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से कुल्लू शहर को 11 सेक्टरों में बांटा गया है। हर सेक्टर की कमान पुलिस के बड़े अधिकारियों के हाथ होगी। इस बार दशहरा उत्सव की सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मचारियों की संख्या पिछले साल की अपेक्षा अधिक होगी। एसपी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस कर्मी चप्पे-चप्पे पर तैनात होंगे। इसके अतिरिक्त मोबाइल पुलिस वैन भुंतर से गैमन पुल तक 24 घंटे गश्त पर लगाएगी। एसपी ने बताया कि दो दर्जन के करीब सीसीटीवी कैमरों को हर जगह स्थापित किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय उत्सव की हर गतिविधि कैमरे में कैद रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाहर से पुलिस अधिकारी और कर्मचारी बुलाए हैं। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के पुख्ता प्रबंध किए हैं। दशहरे के बाद बसों के अतिरिक्त छोटे वाहनों में मोबाइल फोन सुनना और म्यूजिक लगाने पर रोक रहेगी। ट्रैफिक व्यवस्था का उल्लंघन करने वालों वाहनों को क्रेनों की मदद से उठाया जाएगा। इसके एवज में 1500 रुपये बतौरा जुर्माना भी वसूलने का प्रावधान किया है।

सुरक्षा के कड़े होंगे इंतजाम
दशहरा उत्सव में 1700 पुलिस जवान तैनात होंगे। इस बार सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। दशहरे में आने वाले हर व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
डा. विनोद कुमार धवन एसपी कुल्लू

Related posts